देश के खेल मंत्रालय ने पद्म पुरुस्कार के लिए सरकार को देश के उन खिलाडियों के नामों की सूची भेज दी है जिन्होंने खेल के मैदान में देश का नाम दुनियाभर में रौशन किया है। मंत्रालय द्वारा भेजी गयी सूची की ख़ास बात ये है कि इस सूची में शामिल सभी 9 नाम देश की उन महिलाओं के हैं जिन्होंने अपनी पूरी लगन और मेहनत कर के दुनिया के सामने देश का नाम और भी ऊँचा कर दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब खेल मंत्रालय ने पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण पुरुस्कार के लिए सुझाव के तौर पर सरकार के सामने जो नाम पेश किये हैं उनमे सभी महिलाएं ही है।

खेल मंत्रालय द्वारा भेजी गयी सूची में 6 बार वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर बनी मैरी कॉम और अगस्त 2019 में बैडमिंटन में वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय बनी पीवी सिंधु का नाम शामिल है। पीवी सिंधु वो खिलाडी हैं जिसने भारत का नाम पहली बार बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में दर्ज किया है। आपको बता दें कि खेल मंत्रालय ने मैरी कॉम का नाम पद्म विभूषण सम्मान के लिए भेजा है, अगर मैरी कॉम को ये सम्मान मिल जाता है तो वो देश की पहली महिला खिलाडी होंगी जिन्हे इस सम्मान से नवाज़ा जायेगा। इससे पहले चैस में माहिर विश्वनाथन आनंद को 2007 में, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और माउंट एवेरेस्ट सहित अन्य बड़ी बड़ी ऊंचाइयां छूने वाले एडमंड हिलेरी को 2008 में पद्म विभूषण से नवाज़ा गया था।

मैरी कॉम पद्म विभूषण हांसिल करने वाली चौथी खिलाडी होने के साथ-साथ पहली महिला खिलाडी भी बन सकती हैं। इससे पहले मैरी कॉम को 2006 में पद्म श्री और 2013 में पद्म भूषण पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था। पीवी सिंधु को भी 2015 में पद्म श्री पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था इसके बाद उनका नाम 2017 में पद्म भूषण के लिए सुझाव के तौर पर भेजा गया था हलाकि पुरुरस्कार मिलने वालों की अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं हुआ था। बॉक्सर मैरी कॉम और बैडमिंटन में माहिर पीवी सिंधु के अलावा इस सूची में देश की अन्य 7 महिला खिलाडियों के नाम भी शामिल हैं। मंत्रालय ने कुश्ती की खिलाडी विनेश फोगाट, टेबल टैनिस खिलाडी मनिका बत्रा, महिला क्रिकेट टीम की T20 फॉर्मेट की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व शूटर सुमा शिरूर और पर्वतारोही जुड़वाँ बहन ताशी और नंगशी मालिक का नाम सझाव के तौर पर सूची में भेजा है।

जानकारी के लिए बता दें की कुश्ती में माहिर विनेश फोगट कुश्ती खेलने वाली देश की पहली महिला पहलवान हैं जिसने कामनवेल्थ और एसीएन गेम्स में स्वर्ण पदक हांसिल किया हो। इसके साथ ही टेबल टेनिस खेलने वाली मनिका बत्रा वो महिला हैं जिन्होंने देश की महिला टेबल टेनिस टीम को 2018 के कामनवेल्थ खेल के दौरान चार बार चैंपियन रही सिंगापुर की टीम को हरा कर स्वर्ण पदक हांसिल करने में मदद की थी। महिला क्रिकेट टीम से जिनका नाम सामने आया है वो भारत की पहली ऐसी महिला हैं जिन्होंने क्रिकेट के T20 फॉर्मेट में शतक लगाया था। हम बात कर रहे हैं हरमनप्रीत कौर की। क्रिकेट में माहिर हरमनप्रीत कौर का नाम भी पद्म सम्मान के लिए दिया गया है। इनके साथ साथ और भी महिला खिलाडी हैं जिनका नाम पद्म सम्मान के लिए दिया गया है।

आपको बता दें कि मंत्रालय ने मैरी कॉम का नाम पद्म विभूषण पुरुस्कार के लिए भेजा है वहीँ पीवी सिंधु का नाम पद्म भूषण के लिए दिया है इसके साथ-साथ अन्य 7 महिला खिलाडियों के नाम मंत्रालय ने पद्मा श्री सम्मान के लिए भेजे हैं। जानकारी के लिए बता दें पद्म विभूषण सम्मान भारत रत्न सम्मान के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है और इसके बाद पद्म भूषण तीसरे स्थान पर आता है। जिन्हे भी ये सम्मान प्राप्त होता है उन खिलाडियों में देश की भीड़ से हट कर कुछ अलग कर दिखाने का जज़्बा होता है यही खासियत होती है जो उन्हें देश के सबसे बड़े पुरुस्कार से सम्मानित करती है।
